अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर हमला हुआ है। सपा सांसद रामजीलाल सुमन हाथरस से अलीगढ़ होते हुए बुलंदशहर जा रहे थे। खेरेश्वर चौराहे पर पहुंचते ही क्षत्रिय समाज के लोगों ने सपा सांसद का विरोध किया। इस दौरान सपा सांसद रामजीलाल सुमन की काफिले में मौजूद कई गाड़ियां आपस में टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई।

इस दौरान पुलिस ने रामजीलाल सुमन को आगे निकाल दिया जबकि काफिले में टकराई गाड़ियों को साइड में खड़ा करा लिया है। रामजीलाल सुमन का काफिला गभाना पहुंचा। इस दौरान टोल प्लाजा से पहले पहुंचते ही क्षत्रिय समाज के लोगों ने रामजीलाल सुमन के काफिले पर टायर फेंके और विरोध करते हुए नारेबाजी की है।

सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने राणा सांगा को कहा था गद्दार

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा बीते दिनों राज्यसभा में महापुरुष राणा सांगा को आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। सपा सांसद द्वारा राणा सांगा पर की गई टिप्पणी के बाद क्षत्रिय समाज लगातार विरोध कर रहा है। इस टिप्पणी के बाद करणी सेना ने आगरा में रामजीलाल सुमन के आवास पर हंगामा किया था। रविवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन बुलंदशहर जा रहे थे इस दौरान अलीगढ़ के गभाना में उनके काफिले पर टायर फेके गए हैं।





