अलीगढ़ में क्षत्रिय महासभा का ऐलान, टेंशन में आए अखिलेश यादव

विनय माथुर
अलीगढ़ में क्षत्रिय समाज ने अखिलेश यादव का रास्ता रोकने का ऐलान किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 अप्रैल को अलीगढ़ एक निजी कार्यक्रम में आएंगे। क्षत्रिय महासभा ने प्रेस वार्ता कर अखिलेश यादव का रास्ता रोकने और उनके घेराव की चेतावनी दी है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि अलीगढ़ में अखिलेश यादव को किसी भी कीमत पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष विवेक चौहान ने बताया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राणा सांगा के विरुद्ध अभद्र बयान देने वाले सपा सांसद रामजीलाल सुमन का समर्थन करके क्षत्रियों का अपमान किया है। शुक्रवार को अखिलेश यादव अलीगढ़ महानगर के एक रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। अखिलेश यादव के अलीगढ़ आगमन पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा अपना विरोध दर्ज कराएगी और कोशिश करेगी किसी भी कीमत पर अखिलेश यादव को अलीगढ़ की पावन भूमि पर ना आने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इतिहास के पन्ने नहीं पलटने की बात करते हैं क्योंकि उनके पिता सन 1992 में बाबरी विध्वंस के दौरान कार सेवकों का नरसंहार करने की दोषी थे। इसलिए वह इस तरह की बात करते हैं। आगामी 12 अप्रैल को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ता सभी सनातनियों के साथ भारी संख्या में आगरा जाएंगे और रामजी लाल सुमन के विरुद्ध होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।





